कफनी ग्लेशियर यात्रा- पांचवां दिन (द्वाली-कफनी-द्वाली-खाती) |
Table of contents for पिण्डारी ग्लेशियर यात्रा
- पिण्डारी ग्लेशियर यात्रा- दिल्ली से धाकुडी
- पिण्डारी ग्लेशियर यात्रा- तीसरा दिन (धाकुडी-खाती-द्वाली)
- पिण्डारी ग्लेशियर यात्रा- चौथा दिन (द्वाली-पिण्डारी-द्वाली)
- कफनी ग्लेशियर यात्रा- पांचवां दिन (द्वाली-कफनी-द्वाली-खाती)
- पिण्डारी ग्लेशियर यात्रा- छठा दिन (खाती-सूपी-बागेश्वर-अल्मोडा)
- पिण्डारी ग्लेशियर यात्रा- जरूरी जानकारी, नक्शा और खर्चा
5 अक्टूबर 2011 का दिन था वो। मैं और अतुल द्वाली में थे जबकि हमारे एक और साथी नीरज सिंह यानी हल्दीराम हमसे बारह किलोमीटर दूर पिण्डारी ग्लेशियर के पास थे। समुद्र तल से 3700 मीटर की ऊंचाई पर बिना स्लीपिंग बैग के उन्होंने पता नहीं कैसे रात काटी होगी। दिल्ली से चलते समय हमने जो कार्यक्रम बनाया था, उसके अनुसार आज हमें कफनी ग्लेशियर देखना था जबकि हकीकत यह है कि पिछले तीन दिनों से हम लगातार पैदल चल रहे थे, वापस जाने के लिये एक दिन पूरा पैदल और चलना पडेगा तो अपनी हिम्मत कुछ खत्म सी होने लगी थी। जाट महाराज और अतुल महाराज दोनों एक से ही थे।
इस हफ्ते भर की यात्रा में एक खास बात यह रही कि मैं हमेशा सबसे पहले उठा तो आज भी जब उठा तो सब सोये पडे थे। मेरे बाद ‘होटल’ वाला उठा, फिर अतुल। रात सोते समय तय हुआ था कि कफनी कैंसिल कर देते हैं और वापस चलते हैं। लेकिन उठते ही घुमक्कडी जिन्दाबाद हो गई। घोषणा हुई कि कफनी चलेंगे। हालांकि अतुल को इस घोषणा से कुछ निराशा भी हुई। खाने के लिये बिस्कुट-नमकीन के कई पैकेट भी साथ ले लिये। अगर कफनी ना जाते तो जिन्दगी भर मलाल रहता कि कफनी से बारह किलोमीटर दूर से निकल गये। पता नहीं अब कभी इधर आना हो या ना हो।
जल्दी से जल्दी करते करते भी सवा सात बज गये जब हमने प्रस्थान किया। पिण्डारी ग्लेशियर के मुकाबले कफनी ग्लेशियर कम लोकप्रिय है। इसलिये रास्ता भी उतना अच्छा नहीं है। अतुल आदत से लाचार होकर आगे आगे चला गया और तुरन्त ही पीछे हो गया। कारण था जाले। मकडी के जालों के ‘झुण्ड के झुण्ड’ रास्ते में थे और चलने में बडी दिक्कत कर रहे थे।
पांच किलोमीटर चलने के बाद खटिया पहुंचे। द्वाली से खटिया तक सीधी चढाई है और पूरा रास्ता भरपूर जंगल से होकर जाता है। सुबह का टाइम और कोई हलचल ना होने के कारण पक्की उम्मीद थी कि कोई ना कोई जंगली जानवर जरूर मिलेगा। लेकिन कोई नहीं मिला। हां, खटिया से कुछ पहले एक बंगाली बुजुर्ग एक गाइड के साथ वापस लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि आज खटिया में ही रुक जाना। आज कफनी ग्लेशियर तक पहुंचते पहुंचते अन्धेरा हो जायेगा, वहां रुकने का कोई इंतजाम नहीं है। मैंने पूछा कि आप आज रात्रि विश्राम कहां करोगे तो बताया कि खाती। तब मैंने कहा कि हम आपको आज शाम को खाती में ही मिलेंगे और कफनी के फोटो भी दिखायेंगे। वो ‘अरे रहने दो’ वाले स्टाइल में हाथ और दांत दिखाकर चला गया।
खटिया में कुमाऊं मण्डल विकास निगम का रेस्ट हाउस है और दो तीन दुकानें और भी हैं। एक दुकान खुली थी। रेस्ट हाउस का चौकीदार ही इस दुकान को चलाता है और खाना खिला देता है। एक बात और थी कि आज सुबह से ही धुंध थी और धूप के दर्शन नहीं हुए थे। इसलिये ठण्ड बरकरार थी। भूख भी लगने लगी थी। चाय का आदेश दे दिया गया। पूछा कि खाना बनने में कितना टाइम लगेगा तो बताया कि आप कफनी से होकर वापस आ जाइये, खाना तैयार मिलेगा। हमने कहा कि भाई, भूख तो अब लगी है, जरूरत तो अब है, वापस आकर जरूरत पडेगी ही नहीं क्योंकि हम भागमभाग में रहेंगे। ये बता कि आमलेट तो बन जायेगा। बोला कि हां। एक आमलेट का ऑर्डर दे दिया। अतुल आमलेट नहीं खाता है।
हां, आमलेट से याद आया कि हम तीनों में केवल मैं ही खाता हूं। घुमक्कडी के दौरान खाना खाते समय अगर आमलेट भी मिल जाये तो सलाद के तौर पर मैं इसे रोटी सब्जी के साथ ही खाना पसन्द करता हूं। अगर सब्जी बढिया स्वादिष्ट नहीं बनी है, तो आमलेट पूर्ति कर देता है। अतुल और हल्दीराम मेरी इस आदत से परेशान थे। इसलिये जब तक ये दोनों खाना खाकर हट नहीं जाते थे तो मुझे खाना खाने की अनुमति नहीं थी। आज जबकि मेरे पेट में चूहे कूद रहे थे तो अतुल के पेट में चूहे भी भूखे मर गये थे। और खाना मिलेगा शाम को। तब तक चाय और बिस्कुट पर ही काम चलाना मुश्किल था। अतुल ने मुझसे पूछा कि ये बता अण्डा शाक होता है या मांस। मैंने कहा कि भाई सुन, मैं अण्डे को दूध के साथ एक ही श्रेणी में रखता हूं। मेरे लिये दूध और अण्डा बराबर हैं। बोला कि अगर मैं खा लूंगा तो बाद में मुकरेगा तो नहीं। मैंने ना कर दी। एक और आमलेट का ऑर्डर दे दिया गया।
जैसे ही अतुल ने आमलेट का पहला टुकडा मुंह में डाला तो लग रहा था कि कोई सडी जली चीज खा रहा है लेकिन जैसे ही मुंह में स्वाद बनना शुरू हुआ तो मुझ पर ताने उलाहने बरसने शुरू हो गये कि तूने पहले क्यों नहीं बताया कि आमलेट इतना स्वादिष्ट होता है। खैर इसके बाद अतुल नियमित अण्डा भक्षी बन गया।
खटिया की समुद्र तल से ऊंचाई 3200 मीटर है। इसके बाद वातावरण ही बदल जाता है। घने जंगल का स्थान खुले बुग्याल ले लेते हैं। कहीं कहीं बडे बडे पत्थर और चट्टानें भी मिलती हैं जो श्रीखण्ड यात्रा की याद दिला देती हैं। इतना बदलने के बाद भी एक चीज नहीं बदली- मौसम। धुंध और ज्यादा बढने लगी थी। यहां धुंध को बादल कहा जाता है तो कह सकते हैं कि बादलों का घनत्व भी बढता ही जा रहा था। कफनी नदी हालांकि सीधी जाती है लेकिन करीब सौ मीटर के बाद कुछ नहीं दिखता। अगर बादल ना होते तो हम धरती की सुन्दरतम जगह पर खडे थे। यह नन्दा देवी का इलाका है। इसकी बाहरी सीमा में कई ग्लेशियर हैं- सुन्दरढूंगा, पिण्डारी, कफनी, नामिक, रालम, मिलम आदि। बादल ना होते तो हरे-भरे बुग्यालों के उस पार बर्फीले विराट पर्वत दिखते।
जैसे जैसे आगे बढते गये, बादल होने के कारण निराशा सी होने लगी। अतुल ने साफ कह दिया कि वो जो बडी सी चट्टान दिख रही है, बस वही तक जाऊंगा। तू ग्लेशियर तक चला जा और वापसी में मैं यही बैठा मिलूंगा। अब चलने में मजा नहीं आ रहा है। खैर वो चट्टान आई और घेर-घोटकर मैं अतुल को और आगे ले गया। कुछ देर बाद हल्की बूंदाबांदी होने लगी। रेनकोट तो पहले से ही पहन रखा था लेकिन चलते रहे।
जहां पिण्डारी का रास्ता बढिया बना हुआ है, वही कफनी का रास्ता कुछ कम बढिया है। लेकिन फिर भी इतना तो है कि भटकते नहीं हैं।
तभी सामने कुछ दूर सफेद सी आकृति दिखीं। सोचा गया कि वे तम्बू हैं। चलो, वहां तक चलते हैं। जाकर देखा तो तम्बू वम्बू कुछ नहीं था, बल्कि कुछ प्लास्टिक का मलबा सा पडा था। गौर से देखने पर पता चला कि यह फाइबर है यानी एक तरह का मजबूत प्लास्टिक। कम से कम सौ मीटर के घेरे में यहां वहां बिखरा पडा था यह मलबा। इसमें लकडी के दरवाजे भी थे जो आदमकद थे। दिमाग खूब चलाकर देख लिया कि यह बला क्या है। आखिरकार नतीजा निकला कि यहां कभी कोई हेलीकॉप्टर गिरा होगा, यह उसका मलबा है। अब महाराज हेलीकॉप्टर में तो कभी बैठे नहीं हैं, ना ही यह पता कि इसकी दीवारें और दरवाजे कैसी होती हैं। लेकिन इसके अलावा हमारे पास कोई तर्क भी तो नहीं था। अगर हेलीकॉप्टर नहीं है तो कौन इसे यहां इतनी दूर से लाया और लावारिस छोडकर चला गया। मलबे के टुकडे इतने बडे बडे और भारी थे कि हम उन्हें हिला तक नहीं सके। बाद में पता चला कि यह कुमाऊं मण्डल विकास निगम की करामात है। वे यहां फाइबर हट बनायेंगे। सारा सामान खच्चरों पर ही लादकर लाया गया है।
यहां वहां बिखरा फाइबर हट को बनाने के लिये लाया गया सामान। पता नहीं कुमाऊं मण्डल वाले इन हट्स को कब तक बनायेंगे।
इस मलबे की दीवारों का आसरा ले लिया था हमने जब तेज बारिश होने लगी। भूख फिर लगने लगी तो बिस्कुट नमकीन के पैकेट खत्म कर दिये गये। यही आखिरी निर्णय ले लिया गया कि अब कफनी ग्लेशियर तक जाने का कोई औचित्य नहीं है, वापस चलो। हालांकि मेरा मन ग्लेशियर तक जाने को कर रहा था लेकिन फिर भी अतुल की इच्छा थी तो वापस चल पडे बिना ग्लेशियर तक पहुंचे ही। और हमें इस बात का कोई मलाल भी नहीं है। यह हमारी असफलता भी नहीं है। घुमक्कडी कोई दौड नहीं है कि हमें भागमभाग मचानी है और हर हाल में लक्ष्य तक पहुंचना ही है। घुमक्कडी तो उस चीज का नाम है जिसमें कहा जाता है कि जिधर भी मुंह उठ जाये, चल पडो। बस हमारा वापसी की तरफ मुंह उठ गया और हम वापस चल पडे।
हम 3500 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच गये थे। अन्दाजा था कि अभी ग्लेशियर दो किलोमीटर दूर ही होगा। और वापस दिल्ली आकर जब गूगल अर्थ और जीपीएस डाटा की सहायता से दूरी देखी गई तो यह डेढ किलोमीटर मिली। यानी हम ग्लेशियर से डेढ किलोमीटर दूर रह गये थे। लेकिन बारिश में वहां तक जाने का कोई फायदा नहीं था जबकि ठण्ड हाथों को काटे जा रही थी, कैमरा ऐसे में किसी काम का नहीं था।
चार बजे से पहले ही वापस द्वाली पहुंच गये। दुकान वाला देखते ही अचम्भित रह गया कि इतनी जल्दी ये लोग चौबीस किलोमीटर की पैदल चढाई उतराई तय करके वापस कैसे आ गये। हमने उनसे बताया कि हम ग्लेशियर देखकर लौटे हैं। बडा खराब मौसम है। यकीन नहीं हुआ तो हमने कहा कि यार ये बताओ कि ग्लेशियर से कुछ पहले वो मलबा बिखरा पडा है, वो क्या मामला है। इतना सुनते ही उन्हें भरोसा हो गया कि छोरे वाकई ग्लेशियर देखकर ही वापस आये हैं। और हमें भी पता चल गया कि वो मलबा क्या है।
दुकान वाले ने बताया कि तुम्हारा तीसरा साथी, बंगाली और दो गाइड-पॉर्टर अभी घण्टे भर पहले ही यहां से निकले हैं। तुम तेज चलते हो, खाती तक उन्हें आसानी से पकड लोगे। मैंने कफनी जाने से पहले ही सुबह अपना स्लीपिंग बैग यही रख दिया था, बैग उठाया और खाती की तरफ दौड लगा दी। हां, भरपेट खाना भी खा लिया था।
अब हमारी स्पीड देखने लायक थी। मैंने पहले भी बताया है कि अतुल चलने में मुझे हमेशा पीछे छोड देता था, तो अब भी मैं पीछे ही था। रास्ता कुल मिलाकर नीचे उतरने का ही था। घण्टे भर में पांच बजे तक रास्ते में पडने वाली एक गुमनाम सी जगह पर जा पहुंचे। यहां खाने-पीने और अति जरूरत की हालत में ठहरने की सुविधा मिल जाती है। यहां पिण्डर नदी पर एक पुल है और रास्ता पिण्डर के बायें हो जाता है। यहां पता चला कि हमारे बाकी साथी बीस मिनट पहले ही यहां से निकले हैं।
पांच मिनट यहां रुककर फिर चल पडे। अब हुआ यह कि अतुल बेहद तेज चला गया और मैंने अपनी औकात से ज्यादा चलना बन्द कर दिया। थोडी ही देर में हममें इतना फासला हो गया कि हम एक-दूसरे की निगाहों से दूर हो गये। अभी भी छह किलोमीटर दूर और चलना था। और उन्हीं छह में से चार किलोमीटर मेरे लिये बडे डरावने साबित हुए।
साढे पांच बजे दिन छिप गया। घनघोर जंगल होने के कारण यह अन्धेरा और भी घना और भयानक लग रहा था। हालांकि रास्ता इतना चौडा था कि चलने में कोई दिक्कत नहीं हुई। कुछ देर पहले ही बूंदाबांदी बन्द हुई थी, इसलिये माहौल और भी रहस्यमय हो गया था। पेडों से गिरती टप-टप बूंदें भी दिल की धडकन को बढा देती थीं। देखा जाये तो दिक्कत कुछ भी नहीं थी। लेकिन फिर भी, डर लग रहा था तो लग रहा था। क्या कर सकता था। किसी जंगली जानवर खासकर भालू से और भी ज्यादा आशंकित था। पीछे दिख जाये तो कोई दिक्कत नहीं, बराबर में कहीं ऊपर या नीचे दिख जाये तो भी दिक्कत नहीं थी। दिक्कत थी भालू के सामने आ जाने की आशंका। हिमालय में बर्फीले पहाडों से नीचे जंगल हैं। इन्हीं जंगलों में ये जानवर बहुतायत में रहते हैं। जंगलों से नीचे मानव आबादी रहती है तो ये वहां जाने से कतराते हैं।
एक मोड पार करते ही कुछ बडे से जानवर दिखे। बस देखते ही जान सूख गई, ऊपर की ऊपर और नीचे की नीचे। खैर, वे भैंसे थीं। जब लगने लगा कि बस दस मिनट का रास्ता और रह गया है तभी चढाई शुरू हो गई। छह बज चुके थे। मैं इस चढाई को भूल गया था। सोच रहा था कि पूरे रास्ते भर खाती तक उतरना ही है। डर के मारे जितना तेज नीचे उतर रहा था, उतना ही तेज चढाई पर चढने लगा। उन्नीस बीस का ही फरक आया होगा। अगर दिन होता तो कम से कम दस जगह रुकता और सांस लेता। अब सांस लेने की फुरसत किसे थी। जैसे जैसे चढता गया, सांस भी चढती गई और पसीना भी आता गया।
आखिरकार चढाई के उच्चतम बिन्दु पर पहुंचा। असल में रास्ता तो नीचे से ही था लेकिन यहां काफी बडे क्षेत्र में कभी भू-स्खलन हुआ था तो रास्ता नीचे से हटाकर भूस्खलन के ऊपर से बना दिया गया इसलिये यह चढाई चढनी पडी। मैंने अभी बताया था कि कुछ ही देर पहले बारिश थमी थी इसलिये पत्थरों का बना रास्ता रपटीला हो गया था इसलिये चलने की स्पीड और भी कम हो गई। खैर, ले देकर डरता घबराता खाती पहुंच गया।
यहां नेकी होटल में अतुल और हल्दीराम चूल्हे के सामने बैठे थे। दो आदमी लठ लिये खडे थे। मेरे पहुंचते ही अतुल ने कहा कि तेरी वजह से हम सब कितने परेशान हो रहे थे। ये देख लठ वालों को, अभी तुझे ढूंढकर लाने की तैयारी थी। और देख तेरा भाई जीत गया है। इनसे पहले यहां पहुंच गया था। हालांकि अतुल की यह जीतने हारने की बात सुनकर मुझे गुस्सा तो आया लेकिन हम सभी नियम में बंधे थे कि हर बन्दा अपनी मर्जी का मालिक होगा। अतुल ने वही किया जो उसके जी में था। इस बात से मुझे कोई शिकायत नहीं है।
पता चला कि भूस्खलन वाले इलाके में एक शक्तिशाली भूत रहता है। वो अंधेरे में आने जाने वालों को नुकसान पहुंचाता है, यहां तक कि मार भी डालता है। लठ वाले मुझे उस भूत से रक्षा प्रदान करने के लिये ही जाने वाले थे। खाती वाले स्थानीय लोग भी अंधेरा होने के बाद उधर नहीं जाते। मैंने उनका समर्थन करते हुए बताया कि हां, भाईयों, ठीक कह रहे हो। वो भूत मेरे पीछे पीछे रेस्ट हाउस तक आया था। सभी के कान खडे हो गये। मतलब? मतलब कि मुझे वो दिखाई तो नहीं दिया लेकिन उसके पैरों की आवाज मुझे स्पष्ट सुनाई दे रही थी। बार-बार रुककर पीछे देखता तो कुछ नहीं दिखता था और वो आवाज भी बन्द हो जाती थी, जब मैं चल पडता तो आवाज फिर से आने लगती।
खुसर-पुसर होने लगी कि जाट महाराज तो बडे दिलवाला इंसान है। पीछे पीछे भूत आ रहा था और अगला डरा नहीं। एकाध ने कहा कि इन्हें इस भूत के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, अगर जानकारी पहले से होती तो पक्का डर जाते। उधर मैं सोच रहा था कि तुम्हें क्या पता, भूतलैण्ड शुरू होने से एक घण्टे पहले ही मेरा डर के मारे क्या हाल हो रहा था।
अगले भाग में जारी


As usual brilliant write up Neeraj.
Anxiously waiting for next part now :-)
Keep traveling!!!
नीरज भाई,
बड़ा सुन्दर वर्णन तथा दिल को छू जाने वाले छायाचित्र.
तो नीरज जी, अंततः आपने शाकाहारी अतुल को अंडा भक्षी बना ही दिया. वैसे आपने सही कहा, अगर दूध शाकाहार है तो अंडा क्यों नहीं. दोनों चीजें किसी प्राणी के शरीर में ही निर्मित हो रही हैं. क्या बोलते हो?
अगली पोस्ट के इंतज़ार में.
मुकेश.
मुकेश जी, यह विषय एक लम्बी चौडी बहस का विषय है। हमें इसमें नहीं पडना चाहिये। यह हर किसी का व्यक्तिगत मामला है। उम्मीद है कि आप मेरी बात को समझेंगे।
छोटे चौस्साब… ये विवरण भी मज़ेदार है। काश मैं भी तुम्हारी तरह जवान होता तो ऐसी जगह ज़रुर चलता
बड़ा चौधरी किंगे गैब हो गया … नज़र ही न आ रया आजकल
@ मुकेश भाई – दूध से किसी प्राणी की रचना नहीं होती… पर अण्डे से होती है या हो सकती है चाहे वो अनिशेचित ही हो..
@ SS – Haha. I liked the new names :-)
@ Neeraj – I have exactly the same feelings about Anda Omleet. I use it as a ‘taste maker’ all the time. Also when you are eating out, it is much safer to have Anda then a lot of other things.
The stretch was really fast paced. I do not know about bhoot, but definitely God was with you while you were going through the last stretch.
हल्दीराम की रात कैसी गुजरी बिना स्लीपिंग बैग के ?
And yes, Ghumakkar is not a race. Insightful.
नंदन जी,
सही कह रहे हैं आप कि बाहर जाकर तली भुनी चीजों को खाने से बेहतर है कि अण्डा ही खा लिया जाये लेकिन यह नियम केवल उन लोगों पर लागू होता है जो अण्डा खा लेते हैं।
आज हमने 32 किलोमीटर की यात्रा की जो काफी ज्यादा है। पहाडों पर कुछ तो होता है जिसपर लोग विश्वास करते हैं। हमारी सोच चाहे इस बारे में कुछ भी हो लेकिन हमें हमेशा स्थानीय लोगों की हां में हां मिलानी चाहिये क्योंकि यह मामला उनकी श्रद्धा से जुडा होता है।
हल्दीराम ने बाबा की कुटिया पर डिनर कर लिया था और वहीं से एक स्लीपिंग बैग भी ले लिया था। हमारे पिण्डारी से वापस आते ही बाबा अपनी पूजा पाठ से निवृत हो गये थे। उन्होंने रात को डिनर में पूरी-सब्जी बनाई थी, जिसे सब लोगों ने भरपेट खाया।
मौनात्मा जी,
बड़ा ही प्रभावी तर्क दिया है आपने अंडे के बारे में. वैसे मैं भी शुद्ध शाकाहारी प्राणी हूँ, अंडा नहीं खाता हूँ. मैं तो बस छोटे चौधरी साब का उत्साहवर्धन कर रहा था.
neeraj ji bhai bhoot bhoot suna kar daraya mat karo, ya phir unki photo bhi khinch liya karo.
bhainso ki photo nahin lagai.
bhalu waloo se kab samna hoga.
सर्वेश साहब, आप कैसी बात कर रहे हैं? उस समय तो मेरा क्या हाल था, बस मैं ही जानता हूं। जब आदमी अकेला होता है, तभी डरता है और अगर भयानक हिमालयी जंगल हो तथा दिन छिपने लगा हो, अंधेरा होने लगा हो, तो डर क्या होता है, कंक्रीट के जंगल में रहने वाले लोग नहीं समझ सकते।
ऐसे में फोटो खींचने की बात तो सोची भी नहीं जा सकती।
कृपया मेरे अण्डा खाने को तूल मत दीजिये। मैं धार्मिक विचारों वाला व्यक्ति नहीं हूं और अण्डा खाना या मीट ना खाना मेरा व्यक्तिगत मामला है, कोई सर्वमान्य नियम नहीं। मेरी वजह से अतुल अण्डा भक्षी बना, मैं इस बात को नहीं मानता। उस समय हमें जबरदस्त भूख लगी थी, अण्डे के अलावा कुछ भी खाने को नहीं था तो मजबूरी में अतुल ने खा लिया। स्वादिष्ट लगने पर उसने बाद में भी अण्डा खाया।
अण्डे में भ्रूण होता है, जीव होता है, या नहीं होता है, या कुछ और होता है, मैं इसे खाते समय इस बारे में नहीं सोचता। मैं ज्यादातर भूखा रहने पर उबला अण्डा या आमलेट खाता हूं कभी कभी लेकिन सफर में अक्सर आमलेट खाता रहता हूं।
Atyant hi rochak vratant hai…. aanand aa gaya… please tell me how can I write in hindi..???
भूख लगने पर अन्डा खा लिया, जब अन्डा नहीं मिलेगा तो मीट भी खा लिया जायेगा। भूख ना हो गयी आफ़त हो गयी, अरे महाराज अन्डा हो या मीट सब मांसाहारी श्रेणी में आते है कोई किसी को नहीं बिगाडता सबको मजा पछाडता है, अन्डे से मुर्गी के बच्चे निकलते है दूध से बच्चे नहीं निकलते है बल्कि मजबूत होते है।
भाई, मैंने अण्डा ना खा लिया, कोई अपराध कर दिया। अण्डा खाना कोई अपराध नहीं है। हां, धार्मिक अपराध हो सकता है और मैं धार्मिक व्यक्ति नहीं हूं, पूजा-पाठ नहीं करता हूं। मैंने पहले ही कहा था कि यह मेरा व्यक्तिगत मामला है, इस बारे में कोई हस्तक्षेप ना करे। अण्डा अगर मांस है, तो मैं मांसाहारी हूं। आप मुझे मांसाहारी कहते रहो, इससे मेरी सेहत को कोई फर्क नहीं पडता।
आप खुद ही इसे तूल दे रहे है… और ये आपको किसने कह दिया कि अण्डा या मांस खाने वाले लोग धार्मिक नहीं हो सकते??
विवेकानंद और परमहंस दोनो ही मांसाहारी थे.. और उनसे बड़ा धार्मिक कौन हो सकता है ?? यहां तो मै कुछ ऐसी पोस्ट भी पढ़ता हूं जहां लेखक लिखता है – मैं सो कर उठा फिर मैने गाय का मांस खाया… फिर मै घूमने गया और रास्ते में मैने सूअर का माँस खाया.. फिर मैं घर आया और मैने बकरे का माँस खाया.. फिर मैं सो गया और उठ कर मैने गाय का माँस खाया.. इत्यादि
और लोग उन लेखों की तारीफ भी कर रहे हैं… ऐसे लोगों के सामने तो आप देवता हैं
मेरा बचपन का दोस्त चौ. शाम सिंह (जाट) कहा करता था – दो भूत खड़े हों तो एक जाट उनके बीच से निकल कर जा सकता है, पर अगर दो जाट खड़ें हो तो एक भूत उनके बीच से कभी नहीं निकलता, कन्नी काट जाता है
आप दोनो जाट देवताओं का इस बारे में क्या विचार है ??
और हां.. मैं भी सोच रहा हूं एक आधी कहानी शुद्ध हिंदी में लिखूं.. पर हिन्दी टाइप करने में बड़ी देर लगती है
बहुत खूब कहा मज़ा आ गया :-) और हाँ, यहाँ जाट भी संदीप भाई और नीरज भाई हैं, भूतों की शामत आई है जो बीच में पड़ेंगे| शायद भूतों में और आदमियों में यही अंतर होता है, हम दोनो तो आ गये बीच में :-)
मुझे उस समय जंगल में चलते हुए लग तो रहा था कि मेरे पीछे कुछ ना कुछ हलचल हो रही है। हालांकि कुछ देर पहले बारिश पडी थी तो मन को तसल्ली देने के लिये सोच रहा था कि पेडों से बारिश की बूंदें टपक रही हैं। लेकिन पीछे ही क्यों टपक रही हैं, आगे भी तो टपकनी चाहिये थीं। खैर, भूत ही सही, मैं सही सलामत आ गया। उस समय हालांकि मरने का तो कोई कारण नहीं दिखता लेकिन डर बहुत डराता है।
Amazing pics :-)
I wish I could be here soon.
Thanks Neeraj for this amazing narrative….I look forward to more :-)
Keep traveling…keep writing.
Cheers!
Nikhil
A tip for those looking forward to write in Hindi.
Go to Google translate. Select language as Hindi (in detect language). Start typing Hindi words using English letters and magic!
That’s the fastest way to write in Hindi :-)
क्या खूब कही :-) कोशिश कीजिये …आशा है आपको पसंद आएगा ये तरीका
गूगल ट्रांसलेट उतना अच्छा नहीं है। मैं baraha नामक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करता हूं। गूगल में baraha सर्च करके उसका फ़्री वाला या पैसों वाला वर्जन डाउनलोड करके आप कई भारतीय भाषाओं में लिख सकते हैं। यहां तक कि ऑफलाइन रहते हुए भी। यह यूनीकोड है यानी कीबोर्ड पर आप जो भी प्रेस करेंगे, हिन्दी में वही अक्षर उपस्थित हो जायेगा। मैं इसकी सहायता से कमेण्ट बक्से में सीधा हिन्दी में लिखता हूं।
नीरज जी
आपका लेख बहुत ही रोमान्चक लगा लगा साथ मे चित्र बहुत ही सुन्दर लगे . बहुत ही हिम्मत बाली रही आपकी यह यात्रा .
भूतलैंड बाला हिस्सा बहुत ही रोमांचक लगा, ऐसे बियावान और सुनसान जंगल में दर लगना मामूली बात हैं
टिप्पड़ी में अंडे के ऊपर वाद विवाद को पढ़ा, कुछ अच्छा नहीं लगा.
भाई! जिन्दा रहने के लिए इंसान जरुरत पड़ने पर कुछ भी खा जाता, यह सब समय और उस जगह की उप्लब्धता पर निर्भर करता हैं.
यह एक वाद विवाद का विषय हैं इस बहस ना करे तोअच्छा ही होगा.
अच्छे और विस्तृत लेख के लिए धन्यवाद